


भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। जगदीशपुर फोरलेन मोड़ के पास सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब तेज गति से आ रही एक अज्ञात हाइवा ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई।
घायलों की पहचान रिफातपुर निवासी लव दास, कुश दास तथा पश्चिम बंगाल निवासी मो. आसिम के रूप में हुई है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी घायलों को तुरंत पीरपैंती रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुश दास का बायां हाथ टूट गया है, जबकि लव दास के चेहरे और मुंह में गंभीर चोटें आई हैं। मो. आसिम भी घायल हैं और उनका उपचार किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पीरपैंती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फरार हाइवा और उसके चालक की तलाश जारी है।

गौरतलब है कि जगदीशपुर फोरलेन मोड़ पहले से ही हादसों के लिए कुख्यात रहा है। लगातार दुर्घटनाओं के बावजूद यहां सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस खतरनाक मोड़ पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक और ट्रैफिक नियंत्रण के प्रभावी उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।
















