


भागलपुर। नगर निगम भागलपुर में सोमवार को प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के तहत विशेष शिविर एवं समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय कार्यालयों के अधिकारी शामिल हुए। उपनगर आयुक्त राजेश पासवान ने योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र लाभुकों को शीघ्र ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान उपनगर आयुक्त ने बताया कि विभिन्न बैंक शाखाओं में पीएम स्वनिधि योजना के 336 पात्र लाभुकों के ऋण आवेदन स्वीकृत हो चुके हैं। उन्होंने सभी बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करते हुए जल्द से जल्द लाभुकों के खाते में ऋण राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि स्ट्रीट वेंडर्स समय पर योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।
उन्होंने बैंक अधिकारियों से कहा कि जिन आवेदनों को किसी कारणवश वापस किया गया है, उन लाभुकों से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई जाए। यदि इस कार्य में किसी प्रकार की कठिनाई आती है तो नगर निगम के पीएम स्वनिधि योजना से जुड़े कर्मियों का सहयोग लिया जाए, जिससे अधिक से अधिक पात्र वेंडरों को योजना का लाभ मिल सके।
उपनगर आयुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि बैंक शाखाएं लाभुकों को अनावश्यक रूप से बार-बार शाखा के चक्कर लगाने के लिए मजबूर न करें। सभी आवश्यक औपचारिकताओं का समयबद्ध निष्पादन कर वेंडरों को सहज और पारदर्शी तरीके से ऋण उपलब्ध कराया जाए।
इस अवसर पर नगर निगम भागलपुर की ओर से पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से 30 लाभुकों की सामाजिक-आर्थिक प्रोफाइलिंग (Socio-Economic Profiling) का कार्य भी किया गया।
नगर निगम ने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमित रूप से समीक्षा की जा रही है, ताकि अधिकाधिक रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को स्वरोजगार के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा सके।















