


पूर्णिया । आकाशवाणी रोड स्थित सहयोग प्रांगण में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सहयोग संस्था के अध्यक्ष डॉ. अजीत प्रसाद सिंह ने किया। इस दौरान संस्था के सदस्यों एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने नशा मुक्ति का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ सदस्य डॉ. के.के. चौधरी, राजेश गोस्वामी, आस्था, प्रीतम, सतीश, संजीवनी, रूपेश गांधी, रंजीत रमन, राजीव कुमार एवं अनुपम कुमार सहित अन्य सदस्यों ने लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया तथा नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
डॉ. अजीत प्रसाद सिंह ने कहा कि “नशा मुक्त युवा, विकसित भारत” अभियान का उद्देश्य युवाओं को मादक पदार्थों की लत से दूर रखकर स्वस्थ, जागरूक और सशक्त पीढ़ी का निर्माण करना है, ताकि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सके। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, परिवार में कलह पैदा करता है तथा अपराधों को बढ़ावा देता है।
उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज से परिवारों में शांति और आर्थिक स्थिरता आती है, बच्चों का भविष्य सुरक्षित होता है तथा युवाओं को शिक्षा, रोजगार, खेल और रचनात्मक गतिविधियों की ओर बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने युवाओं से अनुशासित जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि नशा मुक्ति केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज, परिवार और युवाओं की साझा जिम्मेदारी है। इसके लिए शिक्षण संस्थानों, युवा क्लबों और सामाजिक संगठनों के माध्यम से लगातार जनजागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया और युवाओं से नशे के खिलाफ जन-जागरण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
















