


‘
पूर्णिया। मिलिया एजुकेशनल ट्रस्ट के तत्वावधान में मिलिया कॉन्वेंट इंग्लिश स्कूल, रामबाग में शनिवार को “प्राइड ऑफ मिलिया” सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यालय के पांच पूर्व छात्रों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों, पूर्व छात्रों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के “मिलिया तराना” एवं स्वागत नृत्य से हुई। इसके बाद सफल पूर्व छात्रों मो. ज़हीन (सहायक आयुक्त), निलेश चंद्रा (अनुमंडल पदाधिकारी), अभिषेक कांति (प्रखंड विकास पदाधिकारी), दिलनवाज़ आलम (ग्रामीण विकास पदाधिकारी) तथा नयांसी कुमारी (ग्रामीण विकास पदाधिकारी) को सम्मानित किया गया।
मिलिया एजुकेशनल ट्रस्ट के निदेशक डॉ. अशाद इमाम ने कहा कि इन पूर्व छात्रों की सफलता पूरे मिलिया परिवार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी अधिकारी समाज और राष्ट्र की सेवा करते हुए नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेंगे।
सहायक निदेशक आदिल इमाम ने कहा कि इन छात्रों की उपलब्धि विद्यालय के लिए सम्मान की बात है और आने वाले वर्षों में भी मिलिया के छात्र इसी तरह सफलता का परचम लहराएंगे।
विद्यालय के प्राचार्य वाई.के. झा ने सफल पूर्व छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता कठिन परिश्रम, परिवार के सहयोग और विद्यालय से मिले संस्कारों का परिणाम है।

समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों और सफल अधिकारियों के बीच आयोजित संवाद सत्र रहा। इस दौरान अधिकारियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, सफलता की रणनीति और अपने अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछकर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, पूर्व छात्रों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सामूहिक भोज में भाग लिया। समारोह को सफल बनाने में उप-प्राचार्य तनवीर अशरफ, शैक्षणिक प्रभारी शानू सिंह, नृत्य संयोजिका भावना, संगीत शिक्षक सगुनदेव नाथ सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि “प्राइड ऑफ मिलिया” का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रेरित करना और उन्हें बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
















