


लगातार आठवीं बार मंत्री बनने पर छात्र जदयू कार्यकर्ताओं ने जताई खुशी
पूर्णिया : बिहार सरकार में लगातार आठवीं बार मंत्री पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद भवन निर्माण विभाग की मंत्री श्रीमती लेशी सिंह के प्रथम पूर्णिया आगमन पर बुधवार को परिसदन में उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर छात्र जदयू पूर्णिया के जिला अध्यक्ष अंकित झा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मंत्री का स्वागत किया तथा नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। छात्र जदयू से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मंत्री लेशी सिंह के नेतृत्व और संगठन के प्रति उनके समर्पण की सराहना की।
छात्र जदयू पूर्णिया के जिला अध्यक्ष अंकित झा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि मंत्री लेशी सिंह का राजनीतिक अनुभव, कार्यशैली और जनता के प्रति समर्पण हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार में लगातार आठवीं बार मंत्री बनना उनकी लोकप्रियता, कार्यकुशलता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

अंकित झा ने कहा,
“ मंत्री लेशी सिंह जी के नेतृत्व में बिहार, विशेषकर सीमांचल क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने हमेशा संगठन के कार्यकर्ताओं को सम्मान देने और समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किया है। उनका पूर्णिया आगमन छात्र जदयू परिवार के लिए गौरव और सौभाग्य का विषय है।”
उन्होंने आगे कहा कि लेशी सिंह ने क्षेत्र में सड़क, भवन, आधारभूत संरचना और विकास योजनाओं को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके नेतृत्व में सीमांचल लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

कार्यक्रम के दौरान छात्र जदयू कार्यकर्ताओं ने मंत्री के सफल, जनहितकारी और उज्ज्वल कार्यकाल की कामना करते हुए उन्हें पुनः बधाई दी। परिसदन परिसर में स्वागत कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
















