


पूर्णिया। सीमांचल के रेल यात्रियों के लिए राहत और विकास की बड़ी खबर सामने आई है। पूर्णिया कोर्ट स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। रविवार को सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा के साथ स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया तथा रेलवे अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर कई अहम फैसले लिए।

बैठक में लंबे समय से लंबित पूर्णिया-भागलपुर रेल सेवा की मांग पर सहमति बनी। निर्णय लिया गया कि पूर्णिया कोर्ट स्टेशन से भागलपुर के लिए जल्द ही स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। इससे सीमांचल और भागलपुर के बीच आवागमन एवं व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित करने पर भी चर्चा हुई। योजना के अंतर्गत स्टेशन परिसर का सौंदर्यीकरण, आधुनिक यात्री सुविधाओं का विस्तार तथा बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर दो नए वेटिंग रूम — एक महिला एवं एक पुरुष यात्रियों के लिए — बनाए जाने की घोषणा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इसका निर्माण कार्य जून माह से शुरू होने की संभावना है।
इसके अलावा ट्रेनों के रखरखाव और बेहतर संचालन के लिए पूर्णिया कोर्ट स्टेशन पर वॉशिंग पिट निर्माण का भी निर्णय लिया गया। वहीं जनता चौक पर ओवरब्रिज निर्माण के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया ताकि शहरवासियों को जाम की समस्या से राहत मिल सके। केनगर क्षेत्र में गिट्टी रैक की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई।

इस मौके पर सांसद पप्पू यादव ने कहा कि सीमांचल के विकास के लिए रेलवे सुविधाओं का विस्तार बेहद जरूरी है। उन्होंने स्टेशन की साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं और आधारभूत संरचना को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि वे लगातार रेलवे बोर्ड एवं मंत्रालय के संपर्क में हैं ताकि क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।
वहीं डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने आश्वासन दिया कि बैठक में लिए गए सभी निर्णयों और प्रस्तावित योजनाओं को चरणबद्ध तरीके से जल्द पूरा किया जाएगा।

इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष अफरोज आलम, सांसद प्रवक्ता सह डीआरयूसीसी सदस्य राजेश यादव, संजय सिंह, वैश खान, सुड्डू यादव, हरिश चौधरी, अरुण यादव, मो. जहांगीर, करन यादव, दीपक राय एवं संगम सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
















