5
(2)

नई दिल्ली/पूर्णिया : पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र एवं सीमांचल के रेल विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। उन्होंने पूर्णिया कोर्ट रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल करने, स्टेशन के समग्र पुनर्विकास, वॉशिंग कोचिंग पिट की स्थापना और यात्री सुविधाओं के विस्तार की प्रमुख मांग उठाई।

सांसद ने कहा कि पूर्णिया कोर्ट स्टेशन कोसी-सीमांचल और पूर्वोत्तर बिहार के लाखों यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण रेलवे केंद्र है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री देश के विभिन्न हिस्सों की यात्रा करते हैं, लेकिन स्टेशन की आधारभूत संरचना वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित नहीं हो सकी है। उन्होंने स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज, दिव्यांग सुविधाएं, पार्किंग, यात्री सूचना प्रणाली सहित आधुनिक सुविधाओं के विकास के लिए मास्टर प्लान बनाकर समयबद्ध पुनर्विकास की मांग की।

उन्होंने रेल मंत्री का ध्यान स्टेशन पर वॉशिंग कोचिंग पिट की आवश्यकता की ओर भी आकर्षित करते हुए कहा कि इसके अभाव में ट्रेनों के रखरखाव और समयबद्ध परिचालन पर प्रतिकूल असर पड़ता है। सांसद ने यह भी कहा कि पूर्णिया क्षेत्र से रेलवे को प्रतिदिन लाखों रुपये का राजस्व प्राप्त होता है, इसलिए यहां आधारभूत सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है।

पप्पू यादव ने दानापुर-सहरसा प्रस्तावित नई एक्सप्रेस ट्रेन के रूट में पूर्णिया की अनदेखी पर आपत्ति जताते हुए भौगोलिक स्थिति, यात्री भार और राजस्व को देखते हुए पूर्णिया को शामिल करने की मांग की। साथ ही उन्होंने कुर्सेला–बिहारीगंज नई रेल लाइन परियोजना में तेजी लाने, निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराने तथा पर्याप्त बजट उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

सांसद ने जोगबनी–दानापुर वंदे भारत एक्सप्रेस का पाटलिपुत्र जंक्शन पर दो मिनट का वाणिज्यिक ठहराव देने की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि इससे कोसी-सीमांचल के हजारों यात्रियों को राजधानी क्षेत्र तक पहुंचने में बड़ी सुविधा मिलेगी।

इसके अलावा उन्होंने जलालगढ़–किशनगंज नई रेल लाइन की डीपीआर जल्द स्वीकृत करने, आगामी बजट में राशि का प्रावधान करने तथा परियोजना पर शीघ्र कार्य शुरू कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह रेल लाइन सीमांचल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ेगी और सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण होगी।

सांसद ने दौरम मधेपुरा स्टेशन तथा सहरसा–पूर्णिया रेलखंड पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उच्चस्तरीय तकनीकी एवं वित्तीय जांच की मांग की। उन्होंने सीसीटीवी, फायर सेफ्टी, डिजिटल डिस्प्ले, पार्किंग, सर्कुलेटिंग एरिया और अन्य सुविधाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह किया।

इसके साथ ही उन्होंने कटिहार आरएमएस के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने, बिहारीगंज–भीमनगर-बीरपुर नई रेल लाइन की डीपीआर जल्द तैयार करने तथा जानकीनगर स्टेशन पर जनहित एक्सप्रेस और कोसी एक्सप्रेस सहित महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग भी रेल मंत्री के समक्ष रखी। सांसद ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से सीमांचल और कोसी क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: