
‘91वीं ऑल इंडिया एग्जिबिशन ऑफ आर्ट्स-2026’ में देशभर के प्रतिष्ठित कलाकारों की कृतियों के साथ प्रदर्शित होंगी उनकी पेंटिंग्स, 16 से 30 नवंबर तक चलेगी प्रदर्शनी
पूर्णिया। पूर्णिया के मिल्लिया फखरुद्दीन अली अहमद बीएड शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय के ललित कला विभाग के सहायक प्राध्यापक एवं चित्रकार डॉ. ध्रुव कुमार की कलाकृतियों का चयन पंजाब के अमृतसर स्थित प्रतिष्ठित ‘द इंडियन एकेडमी ऑफ फाइन आर्ट्स’ (आईएएफए) की राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी के लिए किया गया है। ‘91वीं ऑल इंडिया एग्जिबिशन ऑफ आर्ट्स-2026’ का आयोजन 16 से 30 नवंबर तक किया जाएगा। इस प्रदर्शनी में देश के कई प्रतिष्ठित कलाकारों की कलाकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी।

इस राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित एवं एआईएफएसीएस के अध्यक्ष प्रो. बिमान बिहारी दास करेंगे। डॉ. ध्रुव कुमार की कलाकृतियों का चयन होना पूर्णिया सहित बिहार के कला जगत के लिए गौरव की बात है।
कला के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान
डॉ. ध्रुव कुमार ने कला एवं शिल्प महाविद्यालय, पटना से बीएफए (पेंटिंग) तथा बीएएमयू, महाराष्ट्र से एमएफए (पेंटिंग) की डिग्री प्राप्त की है। उन्होंने बिहार के प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालय विद्या विहार में कुछ वर्षों तक ललित कला शिक्षक के रूप में कार्य किया। वर्तमान में वे पिछले 10 वर्षों से पूर्णिया स्थित मिल्लिया फखरुद्दीन अली अहमद बीएड शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में ललित कला के सहायक प्राध्यापक के पद पर कार्यरत हैं।

मूल रूप से खगड़िया जिले के महदा बन्नी गांव के निवासी डॉ. ध्रुव कुमार को बचपन से ही चित्रकला में विशेष रुचि रही है। उनके पिता शिक्षक थे। उनके बड़े भाई रवि कुमार, जो प्रधानाध्यापक हैं, ने बचपन से ही उन्हें कला के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। डॉ. ध्रुव कुमार का मानना है कि कला जीवन में परिवर्तन लाती है और परिवर्तन ही संसार का नियम है।
देश-विदेश की प्रतिष्ठित कला दीर्घाओं में प्रदर्शित हो चुकी हैं कृतियां
डॉ. ध्रुव कुमार की कलाकृतियां देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों की प्रतिष्ठित कला दीर्घाओं में भी प्रदर्शित हो चुकी हैं। इनमें ललित कला अकादमी, पटना, बिड़ला अकादमी ऑफ आर्ट एंड कल्चर, कोलकाता, संस्कार भारती कला संकुल आर्ट गैलरी, नई दिल्ली, सिमरोजा आर्ट गैलरी, मुंबई तथा लोकायता आर्ट गैलरी, नई दिल्ली प्रमुख हैं।
इसके अलावा नेपाल कला परिषद, काठमांडू (नेपाल), केंद्र आर्ट स्पेस, बाली (इंडोनेशिया), 76 आर्ट गैलरी, दुबई तथा क्यूराडो आर्ट स्पेस, श्रीलंका में भी उनकी कलाकृतियों की प्रदर्शनी लग चुकी है। विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कला प्रदर्शनियों और कार्यशालाओं में उन्हें कई बार पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जा चुका है।
हाल ही में दिल्ली में प्रतिष्ठित शांति पुरस्कार परिषद की ओर से उन्हें मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया है। इस वर्ष के अंत में उनकी कलाकृतियां मलेशिया स्थित केईएन आर्ट गैलरी में भी प्रदर्शित की जाएंगी।
मिल्लिया परिवार ने दी बधाई
डॉ. ध्रुव कुमार की कलाकृतियों का अमृतसर की राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी में चयन होने पर मिल्लिया एजुकेशनल ट्रस्ट के निदेशक डॉ. असद इमाम, सह-निदेशक ई. आदिल इमाम तथा मिल्लिया फखरुद्दीन अली अहमद बीएड शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शहवाज रिजवी सहित पूरे मिल्लिया परिवार ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे संस्थान और पूर्णिया के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।















