


पूर्णिया। जिले में 19 मई 2026 को आयोजित होने वाले “सहयोग शिविर” की तैयारियों को लेकर मंगलवार को महानंदा सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी जिला पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त अंजनि कुमार ने की।

बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि 18 मई तक संबंधित पंचायत सरकार भवन एवं पंचायत भवनों में नागरिकों से नियमित रूप से आवेदन प्राप्त किए जाएं तथा शिविर से पूर्व ही प्राप्त आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
जिला प्रशासन के अनुसार 19 मई को जिले के 14 प्रखंडों की चयनित पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें पूर्णिया पूर्व के चांदी पंचायत, केनगर के परोरा, श्रीनगर के चनका, कसबा के लखना, जलालगढ़ के हंसी बैगमपुर, बनमनखी के मोहनिया चकला, बीकोठी के बड़हरा, भवानीपुर के बडहरी, धमदाहा के मोगलिया पुरंदाहा पूर्व, रुपौली के धूसर टिकापट्टी, अमौर के दलमालपुर, बैसा के रौटा, बायसी के असजा मोगजिया तथा डगरूआ के रामपुर पंचायत शामिल हैं।

प्रभारी जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ नागरिकों के बैठने, प्रकाश एवं शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को बेहतर एवं त्वरित सेवा उपलब्ध कराना है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित अधिकारी शिविर से पहले सभी लंबित मामलों का समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं अनुमंडल तथा प्रखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।














