


पूर्णिया : पूर्णिया जिले के धमदाहा थाना क्षेत्र अंतर्गत ढोकवा अंडी टोला में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब बंधक बनाए गए लोगों को छुड़ाने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। घटना में धमदाहा थानाध्यक्ष, एसआई समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि पुलिस की तीन गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
जमीन विवाद से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार ढोकवा अंडी टोला निवासी रंजन सोरेन की पत्नी पूजा मुर्मू ने बताया कि उनके पति एवं परिवार ने गांव के भोला सिंह से छह से सात बीघा जमीन खरीदी थी। जमीन का भुगतान नकद किया गया था, लेकिन खरीदी गई जमीन पर खेती करने नहीं दिया जा रहा था।

पीड़ित पक्ष ने प्रशासन से शिकायत की थी। शनिवार सुबह प्रशासन की टीम गांव पहुंचकर मामले की जानकारी लेकर वापस लौट गई। आरोप है कि इसके बाद गांव के कुछ लोग उनके घर पहुंचे और प्रशासन बुलाने को लेकर विवाद शुरू कर दिया।
पूजा मुर्मू के अनुसार आरोपितों ने घर में घुसकर मारपीट की और उनके देवर अशोक सोरेन तथा ससुर बाबूलाल सोरेन को जबरन उठाकर बंधक बना लिया।

धारदार हथियार से हमला करने का आरोप
घायल अशोक सोरेन ने बताया कि विनोद हेम्ब्रम करीब 30 लोगों के साथ हथियार लेकर घर पहुंचा। आरोप है कि सभी लोगों ने घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी और उन्हें घसीटते हुए बाहर ले जाया गया।
उन्होंने बताया कि धारदार हथियार से सिर एवं गले पर वार किया गया। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके चाचा बाबूलाल सोरेन को भी बेरहमी से पीटा गया।

बंधक छुड़ाने पहुंची पुलिस पर हमला
घटना की सूचना मिलने के बाद धमदाहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बंधक बनाए गए लोगों को छुड़ाने का प्रयास करने लगी। इसी दौरान माहौल अचानक बेकाबू हो गया।
ग्रामीणों की भीड़ उग्र हो गई और पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर एवं लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पुलिस वाहनों को घेरकर उनके शीशे तोड़ दिए गए। हमले में धमदाहा थानाध्यक्ष, एक एसआई सहित कुल छह पुलिसकर्मी घायल हो गए।

घटना में पीड़ित पक्ष के पांच अन्य लोग भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल एवं जीएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही धमदाहा एसडीपीओ संदीप गोल्डी, बनमनखी एसडीपीओ शैलेश प्रीतम सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में पूर्णिया एसपी स्वीटी सहरावत भी घटनास्थल पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया।

एसपी स्वीटी सहरावत ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। वहीं एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।
















