


19 मई से पहले सभी आवेदनों के शत-प्रतिशत निष्पादन का निर्देश
पूर्णिया : जिला पदाधिकारी के निर्देश एवं मार्गदर्शन में जिले में फॉर्मर रजिस्ट्रेशन, सहयोग शिविर, जनगणना 2027 तथा पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण का कार्य लगातार तेज गति से किया जा रहा है।

इसी क्रम में शनिवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी भवानीपुर की अध्यक्षता में सहयोग शिविर की अद्यतन कार्य प्रगति को लेकर प्रखंड कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित कर्मियों एवं अधिकारियों ने भाग लिया।
समीक्षा के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि 19 मई 2026 को पंचायत बड़हरी स्थित पंचायत सरकार भवन में आयोजित होने वाले सहयोग शिविर से पूर्व प्राप्त सभी आवेदनों का शत-प्रतिशत निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसलिए किसी भी आवेदन को लंबित नहीं रखा जाए तथा सभी मामलों का त्वरित निष्पादन किया जाए।
बैठक में संबंधित कर्मियों को नियमित रूप से पंचायत सरकार भवन में उपस्थित रहकर नागरिकों से आवेदन प्राप्त करने का निर्देश भी दिया गया। साथ ही सहयोग शिविर स्थल पर आने वाले लोगों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।

प्रखंड विकास पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि शिविर स्थल पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
प्रशासन की ओर से सहयोग शिविर को सफल बनाने के लिए सभी विभागीय कर्मियों को समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है।
















