


पूर्णिया। पूर्णिया जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जा रही है।
जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति संख्या-399 के अनुसार गुरुवार को जिले में संचालित विभिन्न एलपीजी गैस एजेंसियों के माध्यम से कुल 8254 गैस सिलेंडर संबंधित उपभोक्ताओं को वितरित किए गए। वहीं गैस एजेंसियों के गोदामों में अभी भी 11531 गैस सिलेंडर स्टॉक में उपलब्ध हैं।
अपर समाहर्ता सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री रविशंकर उरांव ने बताया कि गुरुवार को जिले के कुल 8983 उपभोक्ताओं द्वारा गैस सिलेंडर की मांग दर्ज कराई गई थी, जिसके विरुद्ध नियमानुसार एजेंसियों द्वारा अधिकांश उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध करा दी गई है।
उन्होंने जानकारी दी कि 15 मार्च 2026 से बुधवार तक एलपीजी गैस से संबंधित कुल 330 शिकायतें आपदा प्रबंधन कार्यालय के जिला नियंत्रण कक्ष में प्राप्त हुई थीं, जिनका शत-प्रतिशत निष्पादन कर दिया गया है।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में गैस आपूर्ति का चक्र लगभग 45 दिन तथा शहरी क्षेत्रों में 25 दिन निर्धारित है। गैस एजेंसियों द्वारा पूर्व की भांति नियमित रूप से होम डिलीवरी की सेवा दी जा रही है।
उपभोक्ताओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा घबराहट या पैनिक की स्थिति में अनावश्यक रूप से गैस बुकिंग या एजेंसियों के काउंटर एवं गोदाम पर भीड़ न लगाएं। निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
गैस आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी के लिए सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है और एजेंसियों में वितरण प्रणाली की सतत निगरानी की जा रही है।
एलपीजी गैस से संबंधित किसी भी शिकायत के लिए उपभोक्ता जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06454-242319, 242317 एवं 242320 पर संपर्क कर सकते हैं। प्राप्त शिकायतों पर जिला प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई की जा रही है।















