


पूर्णिया : पूर्णिया जिले में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां चोरों ने अंधेरे का फायदा उठाकर एक मोबाइल दुकान से लाखों रुपए के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना डगरुआ थाना क्षेत्र के बेलगच्छी पूर्व चौक की है।

पीड़ित दुकानदार की पहचान डगरूआ निवासी करण कुमार साह के रूप में हुई है। उन्होंने थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
शटर काटकर दिया वारदात को अंजाम
दुकानदार करण कुमार साह ने बताया कि शुक्रवार की रात करीब 8:15 बजे वे रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात में तेज बारिश और बिजली कटने के कारण दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरा बंद हो गया, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने दुकान का शटर काटकर अंदर प्रवेश किया और चोरी की घटना को अंजाम दिया।
200 से अधिक स्मार्टफोन और नकदी गायब
अगली सुबह जब दुकानदार दुकान पर पहुंचे तो शटर टूटा हुआ पाया। अंदर जाकर देखा तो करीब 200 से अधिक स्मार्टफोन और लगभग 15 हजार रुपये नकद गायब थे। चोरी हुए मोबाइल में आईफोन, वीवो, ओप्पो, सैमसंग, मोटोरोला, इन्फिनिक्स, रियलमी, पोको, रेडमी और आईटेल जैसे कई नामी ब्रांड शामिल हैं। कुल चोरी की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
हालांकि दुकान का सीसीटीवी बंद था, लेकिन पास की एक दुकान में लगे कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई है। फुटेज में तीन अज्ञात चोर दिखाई दे रहे हैं, जिन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे हैं। वे दुकान में घुसकर मोबाइल लेकर पीछे के रास्ते से फरार होते नजर आ रहे हैं।
जांच में जुटी पुलिस, जल्द खुलासे का दावा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अपर पुलिस निरीक्षक दीपक कुमार गौतम के नेतृत्व में छानबीन के दौरान घटनास्थल से कुछ दूरी पर तीन बोरी मोबाइल बॉक्स और चार्जर बरामद किए गए हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर जल्दबाजी में कुछ सामान छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके के व्यवसायियों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
















