5
(1)



पूर्णिया। पूर्णिया-सहरसा एनएच-107 पर बनमनखी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मृतक की पहचान बनमनखी वार्ड संख्या 4 निवासी 48 वर्षीय विनोद बहादुर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह रोज की तरह घर से खाना लेकर खेत जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को पहचान कर परिजनों को सूचना दी। साथ ही पुलिस को भी खबर दी गई। बनमनखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अनुमंडल अस्पताल बनमनखी ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए जीएमसीएच पूर्णिया रेफर कर दिया गया।

परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें निजी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही विनोद बहादुर ने दम तोड़ दिया।

परिजनों ने बताया कि मृतक परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। वे मछली व्यवसाय और मखाना खेती से परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी, चार बेटियां और एक बेटा है। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

इधर, हादसे के बाद से विनोद बहादुर का मोबाइल फोन भी गायब बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, पहले फोन पर घंटी जा रही थी, लेकिन बाद में स्विच ऑफ हो गया, जिससे संदेह और गहरा गया है।

थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: