


पूर्णिया में 6 साल के मासूम की हत्या, आम तोड़ने गया था बच्चा
तीन दिन बाद नहर किनारे सड़ी-गली अवस्था में मिला शव, इलाके में सनसनी
पूर्णिया जिले के डगरूआ थाना क्षेत्र अंतर्गत चतरा गांव में 6 वर्षीय मासूम बच्चे की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक बच्चे की पहचान शाकिब उर्फ आहिल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बच्चा तीन दिन पहले गांव के एक अन्य बच्चे के साथ आम तोड़ने गया था, लेकिन उसके बाद घर वापस नहीं लौटा। मंगलवार सुबह उसका शव गांव के पास नहर किनारे बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया।

परिजनों के अनुसार, शाकिब शनिवार को गांव के ही एक बच्चे के साथ घर से करीब एक किलोमीटर दूर आम तोड़ने के लिए गया था। शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई। परिजनों और ग्रामीणों ने देर रात तक खेत, बगीचे और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
मृतक के चाचा मोहम्मद वारिश ने बताया कि जिस बच्चे के साथ शाकिब गया था, वह शाम को वापस घर लौट आया, लेकिन शाकिब नहीं लौटा। जब उससे पूछताछ की गई तो वह कुछ स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। इसके बाद परिवार ने रिश्तेदारों और अन्य संभावित जगहों पर भी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
सोमवार को परिजनों ने डगरूआ थाना में बच्चे की गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस भी बच्चे की तलाश में जुट गई थी। इसी बीच मंगलवार सुबह गांव के कुछ लोगों ने चतरा गांव के पास नहर किनारे एक बच्चे का शव पड़ा देखा। पास जाकर पहचान करने पर पता चला कि शव शाकिब उर्फ आहिल का है।


बताया जा रहा है कि शव सड़ी-गली अवस्था में था, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही डगरूआ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। अपर थाना अध्यक्ष दीपक कुमार गौतम ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि बच्चे के शव को गलाने या पहचान मिटाने की कोशिश की गई हो सकती है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि हत्या कैसे हुई और शव की हालत ऐसी क्यों थी, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है।














