


पूर्णिया में डगरूआ थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो तस्करों को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों को NH-31 स्थित बरसौनी टोल प्लाजा के पास वाहन जांच के दौरान सिलीगुड़ी से पूर्णिया आ रही एक बस से पकड़ा गया। पुलिस ने उनके पास से 72.50 ग्राम हेरोइन बरामद की है। मामले में गिरोह के तीसरे सदस्य की तलाश जारी है।

गिरफ्तार तस्करों की पहचान वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर वार्ड-3 निवासी ममता देवी (40) और मनीष कुमार (22) के रूप में हुई है।
डगरूआ थाना के अपर थानाध्यक्ष दीपक कुमार गौतम ने बताया कि पुलिस टीम रात में गश्ती कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि सिलीगुड़ी से आने वाली बस में हेरोइन की बड़ी खेप लेकर दो तस्कर पूर्णिया की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने NH-31 पर वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया।

जैसे ही संदिग्ध बस बरसौनी टोल प्लाजा पहुंची, पुलिस ने बस को रोककर तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान एक सीट पर बैठे युवक और महिला पुलिस को देखकर घबरा गए और जल्दबाजी में बस से उतरकर निकलने की कोशिश करने लगे। उनकी गतिविधि संदिग्ध लगने पर पुलिस ने दोनों को रोककर पूछताछ की।
पहले दोनों पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करते रहे, लेकिन सख्ती बढ़ने पर उन्होंने ड्रग्स होने की बात स्वीकार कर ली। महिला के हैंडबैग की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखी गई 72.50 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

पूछताछ में तस्करों ने बताया कि उनका तीसरा साथी विकास कुमार भी इस धंधे में शामिल है, जो फिलहाल फरार है।
















