


अररिया पुलिस का सनसनीखेज खुलासा, दो नाबालिग आरोपी हिरासत में
अररिया : अररिया जिले के पलासी थाना क्षेत्र अंतर्गत कनखुदिया गांव में 10वीं के छात्र विशाल कुमार महतो (17) की हत्या मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि विशाल की हत्या उसके ही दो नाबालिग दोस्तों ने ऑनलाइन गेम में दिख रहे फर्जी करोड़ों रुपये के लालच में कर दी।

बताया गया कि मृतक विशाल और दोनों आरोपी पिछले लगभग पांच वर्षों से आपस में घनिष्ठ मित्र थे। तीनों अक्सर मोबाइल पर ‘क्यूटेक्स’ नाम का ऑनलाइन गेम खेलते थे। इसी गेम के दौरान विशाल के मोबाइल वॉलेट में करीब 4 करोड़ रुपये की राशि दिखाई दे रही थी। हालांकि पुलिस जांच में यह रकम पूरी तरह फर्जी पाई गई।
पुलिस के अनुसार दोनों नाबालिग दोस्तों ने उस राशि को असली मान लिया और विशाल पर पैसे देने का दबाव बनाने लगे। जब विशाल ने पैसे देने से इनकार कर दिया तो दोनों ने उसके अपहरण और हत्या की साजिश रच डाली।
बहला-फुसलाकर ले गए, फिर मांगी फिरौती

पुलिस के मुताबिक 18 मई को दोनों आरोपी विशाल को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। इसके बाद उसे कई घंटों तक धमकाया गया और परिवार से पैसे वसूलने की योजना बनाई गई।
आरोपियों ने विशाल के पिता को फोन कर 2 लाख रुपये की फिरौती मांगी। परिवार द्वारा रकम नहीं देने पर दोनों ने छात्र की निर्मम हत्या कर दी।
मुंह में कपड़ा ठूंसकर दबिया से की हत्या

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने विशाल को एक कमरे में बंद कर दिया था। इसके बाद उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और दबिया से गले पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को गांव की बांसबाड़ी में फेंक दिया गया ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।
तकनीकी जांच से खुला राज
19 मई को परिजनों ने पलासी थाना में विशाल के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अररिया एसपी जितेंद्र कुमार के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई।
पुलिस ने तकनीकी जांच, मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों नाबालिगों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने विशाल का शव बरामद किया। वहीं शव से कुछ दूरी पर पानी भरे गड्ढे से हत्या में प्रयुक्त दबिया भी बरामद कर लिया गया।
इलाके में सनसनी, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। जिस दोस्ती पर परिवार को भरोसा था, उसी ने एक किशोर की जान ले ली। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है तथा ऑनलाइन गेमिंग और मोबाइल लत के सामाजिक प्रभावों को लेकर भी जांच की जा रही है।
















