


जलजमाव, वेंडिंग जोन, स्ट्रीट लाइट और अवैध होर्डिंग्स को लेकर लिए गए कई अहम फैसले
पूर्णिया : पूर्णिया नगर निगम सभागार में बुधवार को नगर निगम बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक महापौर विभा कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में शहर के विकास, साफ-सफाई, जलजमाव, वेंडिंग जोन, किसान शेड, स्ट्रीट लाइट, अवैध होर्डिंग्स तथा विभिन्न विकास योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक की शुरुआत में महापौर ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों एवं उनकी प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि नगर निगम शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
खुश्कीबाग वेंडिंग जोन निर्माण में देरी पर उठा सवाल
बैठक के दौरान वार्ड पार्षद अंजनी साह ने खुश्कीबाग वेंडिंग जोन निर्माण में पिछले दो वर्षों से हो रही देरी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि यह योजना हजारों फुटपाथ दुकानदारों की आजीविका से जुड़ी हुई है, इसलिए निर्माण कार्य में और देरी नहीं होनी चाहिए। साथ ही अन्य वार्डों में भी नए वेंडिंग जोन विकसित करने की मांग की गई।
खुश्कीबाग हाट स्थित किसान शेड की जर्जर स्थिति पर भी चिंता जताई गई और आधुनिक किसान शेड निर्माण की मांग उठी।

इस पर नगर आयुक्त श्रीकुमार मंगलम ने बताया कि खुश्कीबाग क्षेत्र में स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज योजना के तहत नाला निर्माण भी प्रस्तावित है। जमीन की नापी में देरी के कारण कार्य लंबित था, लेकिन अब नापी पूरी करा ली गई है और जल्द ही वेंडिंग जोन निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मधुबनी, भट्ठा बाजार और रजनी चौक समेत अन्य क्षेत्रों में भी वेंडिंग जोन विकसित किए जाएंगे।
जलजमाव और बुडको की कार्यशैली पर नाराजगी

बैठक में शहर की गंभीर जलजमाव समस्या को लेकर बुडको (BUDCO) की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए गए। पार्षदों ने कहा कि अक्टूबर 2023 में पांच बड़े नालों का टेंडर होने और फरवरी 2024 में एजेंसी को कार्य आवंटित होने के बावजूद जमीनी स्तर पर कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
पार्षदों ने संवेदक का इकरारनामा रद्द कर उसे ब्लैकलिस्ट करने तथा नई निविदा प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।
वार्ड पार्षद राजीव रंजन उर्फ बबलू सहाय ने नाला निर्माण के दौरान निकाली जा रही मिट्टी की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग उठाई। नगर आयुक्त ने इस पर जांच का आश्वासन दिया।

अवैध होर्डिंग्स और अतिक्रमण पर होगी कार्रवाई
बैठक में नगर निगम की आय बढ़ाने तथा अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भी चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि नगर निगम क्षेत्र में लगे सभी अवैध होर्डिंग्स का एक सप्ताह के भीतर पंजीकरण कराया जाए, अन्यथा उन्हें हटा दिया जाएगा।
अतिक्रमण हटाने के मुद्दे पर नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि पार्षद स्वयं कार्रवाई न करें, बल्कि सूची उपलब्ध कराएं। प्रशासनिक सहयोग से एसडीओ के माध्यम से कार्रवाई कराई जाएगी।
शहर के सौंदर्यीकरण और मल्टीप्लेक्स निर्माण पर चर्चा
बैठक में शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर भी कई प्रस्ताव रखे गए। वार्ड संख्या-2 स्थित भगवती स्थान, वार्ड-17 के गुड्डू पोखर, मधुबनी पोखर, वार्ड-7 के पोखर तथा वार्ड-39 के कुएं के सौंदर्यीकरण की मांग की गई। पार्षदों ने कहा कि संबंधित भूमि स्वामियों से अनापत्ति प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिया जाएगा।

वार्ड पार्षद स्वपन घोष ने नगर निगम क्षेत्र में स्वागत द्वार निर्माण का प्रस्ताव रखा। नगर आयुक्त ने कहा कि एनएचआई से एनओसी मिलने के बाद कार्य शुरू कराया जाएगा।
इसके अलावा शहर के बड़े बाजारों में मल्टीप्लेक्स निर्माण की योजना पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि इससे शहर की सुंदरता बढ़ेगी और नगर निगम की आय में भी वृद्धि होगी।
“पूर्णिया तेजी से महानगर बनने की ओर अग्रसर” — महापौर
महापौर विभा कुमारी ने कहा कि पूर्णिया तेजी से महानगर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसके लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों को मिलकर कार्य करना होगा।

उन्होंने कहा कि हाल ही में उन्होंने बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा से मुलाकात कर स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम के निर्माण में हो रही देरी, जलजमाव की समस्या तथा शेष 33 नालों की प्रशासनिक स्वीकृति का मुद्दा उठाया है।
महापौर ने कहा कि वर्तमान में स्वीकृत पांच बड़े नाले समस्या के समाधान के लिए पर्याप्त नहीं हैं। साथ ही 15 लाख रुपये से कम लागत वाली योजनाओं के विभागीय क्रियान्वयन बंद होने से छोटे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
बैठक में उप महापौर पल्लवी गुप्ता, नगर आयुक्त श्रीकुमार मंगलम, उप नगर आयुक्त विजय प्रताप सिंह, सिटी मैनेजर पवन कुमार पवन सहित सभी वार्डों के पार्षद मौजूद रहे।
















