


पूर्णिया। बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पूर्णिया जिला प्रशासन एवं मद्यनिषेध विभाग लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार (भा.प्र.से.) के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण, बिक्री एवं सेवन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 14 जुलाई 2026 को मद्यनिषेध विभाग ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों एवं समेकित जांच चौकियों पर व्यापक कार्रवाई करते हुए 138.550 लीटर शराब एवं बीयर बरामद की, 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जबकि दो मोटरसाइकिल और एक साइकिल जब्त की गई।

मद्यनिषेध विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार दालकोला समेकित जांच चौकी (बायसी थाना क्षेत्र) में सघन वाहन जांच के दौरान दो अलग-अलग मामलों में कुल 59.450 लीटर विदेशी शराब एवं बीयर बरामद की गई। पहले मामले में 45.200 लीटर बीयर एवं विदेशी शराब के साथ एक मोटरसाइकिल जब्त की गई, जबकि दूसरे मामले में 14.250 लीटर विदेशी शराब के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर दूसरी मोटरसाइकिल जब्त की गई। दोनों मामलों में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2016 की धारा 30(ए) एवं 47 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इसी जांच अभियान के दौरान दालकोला समेकित जांच चौकी पर शराब सेवन के आरोप में धारा 37(1) के अंतर्गत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपितों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
वहीं सदर मद्यनिषेध थाना की टीम ने दो अलग-अलग मामलों में 78.600 लीटर विदेशी शराब एवं बीयर बरामद की। पहले मामले में 12.600 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई, जबकि दूसरे मामले में 66 लीटर विदेशी बीयर के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। दोनों मामलों में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2016 की धारा 30(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
सदर मद्यनिषेध थाना क्षेत्र में ही एक अन्य कार्रवाई के दौरान 0.500 लीटर चुलाई शराब एवं एक साइकिल के साथ अवैध शराब बिक्री में संलिप्त एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। उसके विरुद्ध भी बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इधर धमदाहा मद्यनिषेध थाना द्वारा शराब सेवन के विरुद्ध चलाए गए अभियान में धारा 37 के अंतर्गत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
मद्यनिषेध विभाग के अनुसार इस पूरे अभियान के दौरान दो शराब तस्कर/परिवहनकर्ता, एक अवैध शराब विक्रेता तथा सात शराब सेवनकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, दो अन्य अभियुक्त फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूर्णिया जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण, बिक्री एवं सेवन के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2016 के प्रावधानों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















