


पूर्णिया। बिहार सरकार द्वारा पूर्णिया सहित राज्य के विभिन्न जिलों में नए डिग्री कॉलेजों की स्थापना के निर्णय का भाजपा नेत्री नूतन गुप्ता ने स्वागत किया है। उन्होंने इसे शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
नूतन गुप्ता ने कहा कि अब ग्रामीण इलाकों के विद्यार्थियों को स्नातक की पढ़ाई के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को इसका सबसे अधिक लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि दूरी और संसाधनों की कमी के कारण कई छात्र-छात्राएं इंटरमीडिएट के बाद अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़ देते थे, लेकिन अब स्थानीय स्तर पर डिग्री कॉलेज खुलने से उन्हें उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा होगी।

उन्होंने बिहार सरकार की शिक्षा नीति की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। स्कूलों और महाविद्यालयों में लगातार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो रही है।
नूतन गुप्ता ने इस छात्र-हितैषी निर्णय के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं शिक्षा मंत्री मिथिलेश कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूर्णिया जिले में छह तथा सीमांचल क्षेत्र में 24 नए डिग्री कॉलेजों की स्थापना शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार का यह दूरदर्शी निर्णय बिहार के युवाओं के भविष्य को नई दिशा देगा और राज्य में उच्च शिक्षा के स्तर को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
















