
महारैली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई
पूर्णिया। दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में रविवार को आयोजित ‘वोट बचाओ, संविधान बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में पूर्णिया सदर के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी जितेंद्र यादव भी शामिल हुए। महारैली में देशभर से महागठबंधन के विभिन्न घटक दलों के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।

महारैली में अपनी सहभागिता दर्ज कराते हुए जितेंद्र यादव ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनाव प्रक्रिया का निष्पक्ष और पारदर्शी होना बेहद जरूरी है। प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा तथा संवैधानिक संस्थाओं की जवाबदेही सुनिश्चित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत है और इस अधिकार की रक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ दिया जाना चाहिए तथा जवाबदेही भी सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि इसी मांग को लेकर महारैली में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की आवाज उठाई गई।
जितेंद्र यादव ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा, संविधान की गरिमा बनाए रखने और जनता के अधिकारों के संरक्षण के लिए आवाज उठाना समय की मांग है। देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को सजग रहना होगा।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की मजबूती से ही देश का भविष्य सुरक्षित रह सकता है।















