


भागलपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने भागलपुर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष स्वर्गीय प्रवीण सिंह कुशवाहा के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दूरभाष के माध्यम से शोकाकुल परिजनों से बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

श्री चौबे ने कहा कि ईश्वर दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने स्व. कुशवाहा को एक सक्रिय एवं समर्पित जनप्रतिनिधि बताते हुए उनके निधन को सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
इसी क्रम में श्री चौबे पटना स्थित मेदांता अस्पताल पटना पहुँचे, जहां उन्होंने सुल्तानगंज गोलीकांड में घायल मुख्य पार्षद गुड्डू शाह से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने परिजनों से भी भेंट कर उन्हें साहस और धैर्य बनाए रखने का संबल दिया।

इस दौरान श्री चौबे ने मेदांता समूह के अध्यक्ष डॉ. नरेश त्रेहान से भी वार्ता की। डॉ. त्रेहान ने बताया कि चिकित्सकों की टीम घायल के उपचार में लगातार जुटी हुई है और उन्हें बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर मरीज को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर दिल्ली ले जाने की भी तैयारी है।
श्री चौबे ने चिकित्सकों के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि गुड्डू शाह शीघ्र स्वस्थ होकर अपने घर लौटेंगे।














