


भागलपुर। जिले के ग्रामीणों को अब अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी के नेतृत्व में प्रशासन ने पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है, जिसकी शुरुआत 19 मई से होगी।

इस अभियान के तहत पहले चरण में 8 से 10 पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों की खास बात यह होगी कि जिला और प्रखंड स्तर के अधिकारी के साथ-साथ पुलिस प्रशासन भी मौके पर मौजूद रहेगा, ताकि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि शिविर आयोजित होने से पहले ही पंचायत सरकार भवनों में लोगों से आवेदन लिए जाएंगे और उन पर प्रारंभिक कार्रवाई भी शुरू कर दी जाएगी। इससे शिविर के दिन अधिकांश मामलों का मौके पर ही निष्पादन संभव हो सकेगा।

समीक्षा भवन में आयोजित बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव एवं उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रशासन का उद्देश्य “सरकार आपके द्वार” की सोच को साकार करते हुए पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था स्थापित करना है, ताकि ग्रामीणों को समय पर न्याय और सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।














