


भागलपुर : बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने शनिवार को भागलपुर जिले के पीरपैंती स्थित निर्माणाधीन अदाणी पावर प्लांट परियोजना का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना स्थल पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने को लेकर विस्तृत समीक्षा की।

मुख्य सचिव ने परियोजना प्रबंधन टीम के साथ बैठक कर निर्माण कार्यों में तेजी लाने, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने तथा आवश्यक सरकारी सहयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति, आगामी कार्ययोजना और संभावित चुनौतियों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार राज्य में बिजली की कमी को दूर करने के लिए गंभीरतापूर्वक प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि अदाणी पावर प्लांट, पीरपैंती का निर्माण कार्य समय पर पूरा होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि राज्य को पर्याप्त और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि इस परियोजना से न केवल ऊर्जा जरूरतों की पूर्ति होगी, बल्कि क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी।

मुख्य सचिव का दौरा गार्ड ऑफ ऑनर के साथ प्रारंभ हुआ। निरीक्षण के दौरान पंकज कुमार पाल (सचिव, सड़क निर्माण विभाग), राहुल कुमार (प्रबंध निदेशक, बीएसपीजीसीएल), कपिल अशोक शीर्षत (प्रबंध निदेशक, बीएसआरडीसीएल), डॉ. नवल किशोर चौधरी (जिलाधिकारी, भागलपुर) तथा प्रमोद कुमार यादव (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक) सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
दौरे के क्रम में मुख्य सचिव एवं अन्य अधिकारियों ने पावर प्लांट परिसर में सिंदूर के पौधे का पौधारोपण भी किया।














