


69 लीटर विदेशी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, ऑटो जब्त
भागलपुर। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बीच भागलपुर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है।
आरपीएफ की टीम ने स्टेशन के पश्चिमी प्रवेश द्वार स्थित सर्कुलेटिंग एरिया में छापेमारी कर 69.450 लीटर विदेशी शराब के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान शराब ढोने में इस्तेमाल किए जा रहे एक ऑटो को भी जब्त कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार आरपीएफ पोस्ट भागलपुर को गुप्त सूचना मिली थी कि स्टेशन परिसर के पश्चिमी द्वार के पास एक ऑटो के माध्यम से विदेशी शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना मिलते ही आरपीएफ इंस्पेक्टर अमित कुमार गिरी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई।
गठित टीम में सब इंस्पेक्टर पूर्णेंदु कुमार, सहायक सब इंस्पेक्टर राकेश कुमार यादव, हेड कांस्टेबल उत्तम सरकार तथा कांस्टेबल राज कुमार शामिल थे। टीम ने शुक्रवार को स्टेशन परिसर में सघन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध तीन पहिया ऑटो संख्या BR-10PC-1905 को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान ऑटो से विभिन्न ब्रांड की कुल 69.450 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 28 हजार 540 रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान केशव कुमार मंडल और सत्याम कुमार के रूप में हुई है।

आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार पूछताछ के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। प्रारंभिक जांच में शराब तस्करी के एक संगठित नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर अमित कुमार गिरी ने बताया कि रेलवे परिसर के आसपास अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और शराब तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

कार्रवाई के बाद आरपीएफ ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए गिरफ्तार दोनों आरोपियों, बरामद शराब तथा जब्त ऑटो को आगे की कार्रवाई के लिए मध्य निषेध एवं उत्पाद विभाग, भागलपुर को सौंप दिया है।
















