


नवगछिया: कटिहार-बरौनी रेलखंड के बीच नवगछिया और खरीक स्टेशन के मध्य एक दर्दनाक हादसे में रेलवे के ट्रैफिक गेटमैन की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। मृतक की पहचान छपरा जिले के सोनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पहलेजा शाहपुर दियारा निवासी स्व. ऋषिदेव राय के पुत्र सुजीत कुमार के रूप में हुई है।
बताया गया कि सुजीत कुमार वर्ष 2007 में रेलवे में ट्रैफिक गेटमैन के पद पर नियुक्त हुए थे और खरीक-नवगछिया सेक्शन में कार्यरत थे। घटना के समय वह रेलवे ट्रैक की जांच करने निकले थे। इसी दौरान दिल्ली से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेजा, जहां पोस्टमार्टम कराया गया।
हादसे की खबर मिलते ही नवगछिया स्टेशन प्रबंधक अनिल कुमार, रेलकर्मी जमील खान सहित कई कर्मचारी अस्पताल पहुंचे और शोक व्यक्त किया। सभी के बीच सुजीत कुमार की मिलनसार छवि और कर्तव्यनिष्ठा की चर्चा होती रही।
पोस्टमार्टम के बाद शव को नवगछिया स्टेशन लाया गया, जहां रेलवे की ओर से तिरंगे में लपेटकर उन्हें अंतिम सम्मान दिया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस दौरान माहौल बेहद गमगीन हो गया। पत्नी सुनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल था, वहीं पुत्री मधुमिता कुमारी और पुत्र नीतेश कुमार गहरे सदमे में हैं। परिजनों के चीत्कार से पूरा माहौल शोकाकुल हो गया।
















