


नवगछिया थाना क्षेत्र के मुमताज मुहल्ला निवासी मनीष कुमार के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित ने साइबर थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
पीड़ित मनीष कुमार के अनुसार, 18 अप्रैल को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने किसी जरूरी काम का हवाला देते हुए उन्हें एक मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड करने को कहा। जैसे ही उन्होंने उक्त एप डाउनलोड किया, उनका मोबाइल हैक हो गया।
आरोप है कि इसके बाद उनके मोबाइल से बिना अनुमति के कई ट्रांजक्शन किए गए और कुल 96 हजार रुपये की निकासी कर ली गई। यह राशि उनके केनरा बैंक की नवगछिया शाखा स्थित खाते से काटी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। साथ ही साइबर थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और संबंधित बैंक खातों व ट्रांजक्शन की जांच की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अंजान व्यक्ति के कहने पर कोई ऐप डाउनलोड न करें और अपनी बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
















