


नवगछिया। स्थानीय राम-लखन बजरंगबली धाम में माता जानकी का जन्मोत्सव शनिवार को बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण भक्ति रस में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम की शुरुआत रामचरितमानस के सुंदरकांड पाठ से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इसके पश्चात विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं हवन का आयोजन किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ।
संध्या समय दीपोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। सैकड़ों दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर जगमगा उठा और वातावरण दिव्य हो गया। इसके साथ ही भजन संध्या एवं आरती का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने भक्ति गीतों के माध्यम से माहौल को और अधिक भावपूर्ण बना दिया।
इस अवसर पर मिथलेश कुमार अपने परिवार सहित, सुभाष पंडित, मुनेश्वर सिंह, बिरेंद्र यादव, अजय शर्मा, राजेंद्र मंडल, देवेश गुप्ता, अंकुश कुमार, आयांश चन्द्र कश्यप, अविनाश शर्मा, युग, प्रेम सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्ति, आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं के मन को श्रद्धा और आनंद से भर दिया।
















