


नवगछिया। नवगछिया के कदवा थाना क्षेत्र के खैरपुर कदवा पंचायत के चांय टोला में बीते दिनों हुए हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। शौचालय के सेप्टिक टैंक की सेंटरिंग खोलने के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
घटना की जानकारी मिलने पर गोपालपुर विधायक शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल खैरपुर कदवा पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहायता का भरोसा दिया।
विधायक ने इस घटना को अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाना आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता एवं उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन भी दिया।
विधायक के आगमन के दौरान स्थानीय लोगों ने भी अपनी समस्याएं उनके समक्ष रखीं और घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।
इस अवसर पर जदयू जिलाध्यक्ष बीरेंद्र सिंह, मुखिया पंकज जायसवाल, उस्मानपुर के मुखिया गणेश मंडल, सोनू जायसवाल, मुरारी मंडल, प्रशांत कन्हैया, शुभाशीष कुमार, श्रवण राय सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।
















