


नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र के डिमाहा गांव से ट्यूशन पढ़ने निकले दो छात्र अचानक लापता हो गए हैं। काफी खोजबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने गोपालपुर थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के अनुसार डिमाहा गांव निवासी राजेश चौधरी के दो पुत्र हर्ष राज और छोटा पुत्र मोक्ष कुमार बीते दिनों शाम के समय साइकिल से लतीपाकर धरहरा स्थित एक कोचिंग संस्थान में पढ़ने के लिए घर से निकले थे। देर रात तक दोनों के घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई।
परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में व्यापक खोजबीन की तथा रिश्तेदारों और परिचितों से भी संपर्क किया, लेकिन दोनों छात्रों का कहीं कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने गोपालपुर थाना पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर मिथिलेश कुमार ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस संभावित स्थानों पर तलाश कर रही है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इन दोनों छात्रों के संबंध में कोई भी जानकारी मिले, तो तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस को सूचित करें, ताकि उन्हें सकुशल बरामद किया जा सके।
















