


पूर्णिया। विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी के नेतृत्व में पूर्णिया शहर में प्रशासनिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 28 मार्च को आयोजित ऐतिहासिक रामनवमी शोभायात्रा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।
जानकारी के अनुसार रामनवमी शोभायात्रा में लाखों रामभक्तों की सहभागिता रही, जिससे पूरा शहर भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। इतने बड़े धार्मिक आयोजन को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पूर्णिया पुलिस प्रशासन की भूमिका को सराहनीय बताते हुए संगठन की ओर से प्रशासनिक अधिकारियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी अंशु कुमार, पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत, अनुमंडल पदाधिकारी श्वेतम दीक्षित सहित पूर्णिया डीएसपी एवं शहर के सभी थाना अध्यक्षों को सम्मान पत्र एवं भगवा वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रशासन और समाज के बेहतर समन्वय से ही बड़े धार्मिक आयोजनों का सफल संचालन संभव हो पाता है। उन्होंने पूर्णिया पुलिस की सतर्कता एवं जिम्मेदारी की सराहना की।
सीमांचल अध्यक्ष दिलीप कुमार दीपक ने कहा कि रामनवमी शोभायात्रा सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है तथा इसका शांतिपूर्ण आयोजन प्रशासन और समाज के सहयोग का परिणाम है।
जिलाधिकारी अंशु कुमार ने कहा कि रामनवमी शोभायात्रा शांति, अनुशासन और सामाजिक समरसता का उत्कृष्ट उदाहरण रही। वहीं पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत ने संगठन द्वारा दिए गए सम्मान को प्रेरणादायक बताते हुए आभार व्यक्त किया। अनुमंडल पदाधिकारी श्वेतम दीक्षित ने भी संगठन के सकारात्मक सहयोग की सराहना की।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय महामंत्री अजय गुप्ता, राष्ट्रीय आईटी सेल प्रभारी नीतीश कुमार, राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी राकेश सिंह, पूर्णिया जिला अध्यक्ष विजय कुमार, बेगूसराय जिला अध्यक्ष विक्रांत आनंद, जिला कार्यकारिणी सदस्य राजेश सिंह एवं महेंद्र दास, महिला मोर्चा जिला मंत्री प्रिया कुमारी, संगीता ठाकुर, शर्मिला ठाकुर, नगर अध्यक्ष (महिला मोर्चा) बेबी देवी, नगर मंत्री काजल गुप्ता, नगर सचिव नेहा कुमारी, हिना कुमारी सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।













