


पूर्णिया : भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर पूर्णिया पूर्व प्रखंड अंतर्गत सिकंदरपुर पंचायत के फसिया मदारपुर संथाली टोला में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा की जिलामंत्री नूतन गुप्ता ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी ध्वजारोहण एवं महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान क्षेत्र भाजपा जिंदाबाद, मोदी जिंदाबाद एवं जय श्रीराम के नारों से गुंजायमान रहा। कार्यक्रम में नूतन गुप्ता से प्रभावित होकर तथा केंद्र सरकार की नीतियों एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए सैकड़ों महिलाओं ने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की।
जिलामंत्री नूतन गुप्ता ने कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि एक विचारधारा है, जो समाज के अंतिम व्यक्ति के विकास के संकल्प ‘अंत्योदय’ को लेकर कार्य करती है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम और जनविश्वास के बल पर भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है।
स्थापना दिवस एवं नए सदस्यों के जुड़ने की खुशी में संथाली टोला में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। जिलामंत्री ने ग्रामीणों और बच्चों को मिठाई खिलाकर कार्यक्रम को आत्मीय स्वरूप दिया, जिससे ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा।
कार्यक्रम के दौरान सदस्यता अभियान के साथ-साथ उन्होंने ग्रामीणों की स्थानीय समस्याओं को भी सुना तथा आश्वासन दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
इस अवसर पर पंचायत के गणमान्य लोग, स्थानीय बूथ अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।













