


नवगछिया पुलिस की कार्रवाई, हत्या के प्रयास के मामले में वांछित था आरोपित; पूर्व में तीन आरोपित भेजे जा चुके हैं न्यायिक हिरासत में
नवगछिया। नवगछिया थाना की पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान कटिहार जिले के पोठिया बाजार निवासी शिवम कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर को मंगल सिंह ने नवगछिया थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आवेदन में आरोप लगाया गया था कि शिवम कुमार और उसके साथियों द्वारा रंगदारी के रूप में पैसे की मांग की गई थी। इसका विरोध करने पर आरोपितों ने जान से मारने की नीयत से मंगल सिंह के भाई के पेट में चाकू मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के संबंध में नवगछिया थाना में हत्या के प्रयास सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान मामले में संलिप्त तीन आरोपितों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है।

वहीं, मामले में शामिल अन्य वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में पुलिस को शिवम कुमार के संबंध में जानकारी मिली, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी जारी है।















