


खरीक में सनसनीखेज वारदात, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर तीन अपराधियों को किया गिरफ्तार
नवगछिया : नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत खरीक थाना क्षेत्र के कठेला गांव में शनिवार रात रंगदारी नहीं देने पर अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक की पटना पीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

मृतक की पहचान खरीक थाना क्षेत्र के मोदी टोला, वार्ड संख्या-13 निवासी 32 वर्षीय कन्हैया मोदी, पिता स्वर्गीय विजय मोदी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब नौ बजे कन्हैया मोदी भोजन करने के बाद टहलने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान कठेला मोड़ स्थित एक गुमटी दुकान के पास पहले से मौजूद तीन हथियारबंद अपराधियों ने उसे रोक लिया।
मृतक के बड़े भाई मंटू मोदी ने बताया कि तीनों अपराधी शराब के नशे में थे। उन्होंने कन्हैया से रंगदारी के रूप में रुपये की मांग की। कन्हैया ने रुपये नहीं होने की बात कहते हुए अपना मोबाइल अपराधियों के पास गिरवी रखने की बात कही और कहा कि बाद में रुपये देकर मोबाइल ले लेगा।

परिजनों के अनुसार इसी बात पर अपराधी भड़क गए और कमर से हथियार निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने तीन से चार राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली कन्हैया मोदी के पेट में जा लगी। गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घटना के बाद तीनों अपराधी मौके से फरार हो गए। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और खरीक पुलिस की मदद से घायल कन्हैया को तत्काल खरीक पीएचसी ले जाया गया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पूर्णिया रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार पूर्णिया पहुंचते-पहुंचते उसकी हालत और बिगड़ गई। वहां के चिकित्सकों ने भी स्थिति गंभीर देखते हुए उसे पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया, जहां रविवार दोपहर करीब 12 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मौत की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है और अपराधियों को कड़ी सजा देने की मांग की जा रही है।
परिजनों ने बताया कि कन्हैया मोदी चार भाइयों में सबसे छोटा था तथा एक बहन से बड़ा था। वह दिल्ली में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था और करीब एक माह पहले ही घर लौटा था।
खरीक पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तीन अपराधी गिरफ्तार
इधर घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओमप्रकाश एवं खरीक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। कांड की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ घंटों के भीतर मामले में संलिप्त तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान कठेला निवासी ऋषभ चौधरी, पिता सुनील चौधरी, अभिनव कुमार, पिता अलख रंजन चौधरी तथा पूर्वी घरारी निवासी मो. रहमत, पिता मो. जाकिर के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा, 13 जिंदा कारतूस एवं खोखा बरामद किया है।
इस संबंध में खरीक थाना कांड संख्या 133/26 तथा अवैध हथियार बरामदगी को लेकर कांड संख्या 134/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी ऋषभ चौधरी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ खरीक थाना समेत विभिन्न थानों में करीब एक दर्जन संगीन मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में कई बार जेल भी जा चुका है।
















