5
(2)

@ एओएमएसआई की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में 2026-27 के लिए निर्वाचित; बिहार-झारखंड के चिकित्सा जगत को मिली नई पहचान, राष्ट्रीय सम्मेलन में इम्प्लांट्स पर दिया व्याख्यान।

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। प्रतिभा, अनुभव और संगठनात्मक सक्रियता का संगम जब राष्ट्रीय मंच पर पहुंचता है, तो उपलब्धि केवल व्यक्तिगत नहीं रह जाती, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बन जाती है। कुछ ऐसा ही कर दिखाया है भागलपुर की वरिष्ठ ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जन डॉ. ऋचा अंगिक ने। एसोसिएशन ऑफ ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जन्स ऑफ इंडिया (एओएमएसआई) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के चुनाव में उन्होंने शानदार सफलता दर्ज करते हुए सदस्य पद पर अपनी जगह बनाई है। खास बात यह है कि 10 सीटों के लिए 18 प्रत्याशियों के बीच हुए चुनाव में डॉ. अंगिक ने तीसरा सर्वाधिक मत प्राप्त किया।

21 नवंबर को मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित एओएमएसआई के 50वें राष्ट्रीय वार्षिक सम्मेलन के दौरान चुनाव परिणाम घोषित किए गए। डॉ. अंगिक का कार्यकाल 2026-27 के लिए निर्धारित है। उनकी इस सफलता से राष्ट्रीय संगठन की नीति निर्धारण और निर्णय प्रक्रिया में बिहार एवं झारखंड के चिकित्सकों की भागीदारी को नया विस्तार मिलेगा।

चुनावी सफलता के साथ अकादमिक मंच पर भी दिखाई प्रतिभा

डॉ. ऋचा अंगिक की उपलब्धि केवल राष्ट्रीय कार्यकारिणी में निर्वाचन तक सीमित नहीं रही। सम्मेलन में उन्होंने वक्ता के रूप में भी अपनी विशेषज्ञता का परिचय दिया। डेंटल एवं फेशियल इम्प्लांट्स जैसे महत्वपूर्ण विषय पर उन्होंने सारगर्भित व्याख्यान प्रस्तुत किया। इस प्रकार संगठनात्मक नेतृत्व के साथ-साथ चिकित्सा शिक्षा और अकादमिक क्षेत्र में भी उनकी सक्रियता राष्ट्रीय स्तर पर सामने आई।

संगठन में वर्षों की सक्रियता का मिला प्रतिफल

एओएमएसआई के साथ डॉ. अंगिक का जुड़ाव लंबे समय से रहा है। संगठन के विभिन्न स्तरों पर जिम्मेदारियां निभाते हुए उन्होंने अपनी सक्रिय भूमिका बनाए रखी है। वर्तमान में वे 2026-27 सत्र के लिए एओएमएसआई की बिहार-झारखंड राज्य इकाई (बीजेएओएमएसआई) की उपाध्यक्ष हैं।

इससे पहले 2025-26 में उन्होंने एओएमएसआई मुख्यालय में राज्य प्रतिनिधि और राष्ट्रीय फिटनेस संयोजक की जिम्मेदारी संभाली। 2024-25 में वे बिहार-झारखंड इकाई की संयुक्त सचिव तथा 2023-24 में कार्यकारिणी सदस्य रह चुकी हैं। जमशेदपुर में 5 एवं 6 सितंबर 2026 को आयोजित राज्य इकाई के वार्षिक सम्मेलन में उन्होंने आयोजन अध्यक्ष के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। संगठन के प्रति निरंतर योगदान, प्रशासनिक अनुभव और चिकित्सा क्षेत्र में सक्रियता ने उनकी राष्ट्रीय स्तर की इस नई जिम्मेदारी का मार्ग प्रशस्त किया है।

शिक्षा से विशेषज्ञता तक समृद्ध रहा है सफर

डॉ. ऋचा अंगिक की शैक्षणिक यात्रा भी उल्लेखनीय रही है। उन्होंने दावणगेरे के बापूजी डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल से बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (बीडीएस) तथा वर्धा के शरद पवार डेंटल कॉलेज से ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जरी में मास्टर ऑफ डेंटल सर्जरी (एमडीएस) की डिग्री प्राप्त की है।

वर्तमान में वे भागलपुर स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज के दंत चिकित्सा विभाग में फैकल्टी सदस्य के रूप में कार्यरत हैं। इसके साथ ही जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जेएलएनएमसीएच), भागलपुर के क्लेफ्ट एंड क्रेनियोफेशियल सेंटर की प्रभारी भी हैं। इससे पूर्व वे जमशेदपुर के अवध डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में प्रोफेसर के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।

राष्ट्रीय चुनाव में अन्य पदों पर भी हुए निर्वाचन

एओएमएसआई के 50वें राष्ट्रीय सम्मेलन में संगठन के अन्य महत्वपूर्ण पदों के लिए भी चुनाव संपन्न हुए। डीवाई पाटिल यूनिवर्सिटी, नवी मुंबई के डीन एवं प्रोफेसर डॉ. मुकुल पाध्ये आगामी अध्यक्ष (प्रेसिडेंट इलेक्ट) निर्वाचित हुए। वहीं, डीवाई पाटिल यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ डेंटिस्ट्री के प्रोफेसर डॉ. गोकुल वेंकटेश्वर को उपाध्यक्ष चुना गया।

लखनऊ स्थित सरदार पटेल पीजी इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल एंड मेडिकल साइंसेज के प्रोफेसर डॉ. मदन मिश्रा संयुक्त संपादक निर्वाचित हुए। महाराष्ट्र के औरंगाबाद निवासी डॉ. विजयकुमार जे. गिरहे को दो वर्षों के लिए अमेरिकन एसोसिएशन ऑफ ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जन्स (एएओएमएस) का प्रतिनिधि चुना गया। इसके अलावा एक वर्षीय कार्यकाल वाले संयुक्त सचिव पदों पर भी मतदान के जरिए पदाधिकारियों का चयन किया गया।

डॉ. ऋचा अंगिक का राष्ट्रीय कार्यकारिणी में निर्वाचन भागलपुर के चिकित्सा एवं शैक्षणिक जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे न केवल क्षेत्र के चिकित्सकों को राष्ट्रीय संगठन में प्रतिनिधित्व मिलेगा, बल्कि बिहार और झारखंड की चिकित्सा प्रतिभाओं को व्यापक पहचान दिलाने का अवसर भी मजबूत होगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: