


नवगछिया । रंगरा थाना क्षेत्र के चापर गांव में शनिवार की सुबह रास्ता विवाद को लेकर 50 वर्षीय व्यक्ति की लाठी-डंडे और लोहे की कुंडी से पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। मृतक की पहचान चापर निवासी स्वर्गीय कोको यादव के पुत्र जयजयराम यादव (50) के रूप में हुई है। मृतक के बड़े पुत्र अमित कुमार ने अपने चाचा देवन यादव और उनके तीन पुत्रों कुंदन यादव, चंदन यादव व गुंजन यादव पर हत्या करने का आरोप लगाया है।

अमित कुमार के अनुसार, शनिवार सुबह करीब पांच बजे उनके पिता मवेशियों को चारा खिलाने के लिए पुरानी रेलवे बांध पर स्थित अपने बासा गए थे। इसी दौरान वहां उनके चाचा देवन यादव और उनके पुत्र कुंदन यादव, चंदन यादव तथा गुंजन यादव पहुंच गए। आरोप है कि चारों ने जयजयराम यादव को घेर लिया और लाठी-डंडे तथा बोरा उठाने वाली लोहे की कुंडी से उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
अमित ने बताया कि कुछ देर बाद आसपास के लोगों से जानकारी मिली कि बासा पर उनके पिता के साथ कुछ लोग मारपीट कर रहे हैं। इसके बाद परिजन और ग्रामीण घटनास्थल की ओर पहुंचे। आरोप है कि गंभीर रूप से घायल होने के बाद जयजयराम यादव को आरोपितों ने बासा के समीप पानी में फेंक दिया।

इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पानी और आसपास के इलाके में उनकी खोजबीन शुरू की। करीब नौ बजे बासा के पास पानी से जयजयराम यादव का शव बरामद किया गया। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना रंगरा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई। हत्या के पीछे रास्ता विवाद बताया जा रहा है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह और हत्या में शामिल लोगों की भूमिका पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। मृतक के पुत्र द्वारा लगाए गए आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है।
















