


भागलपुर। आगामी 9 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने के लिए न्यायिक प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में शनिवार, 2 मई 2026 को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी राज कपूर और राजेश रंजन ने जिले के सभी थाना प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।

बैठक का मुख्य उद्देश्य लोक अदालत के लिए चिन्हित मामलों में पक्षकारों तक समय पर नोटिस पहुंचाना सुनिश्चित करना था। इस दौरान सीजेएम ने सख्त निर्देश देते हुए सभी थाना प्रभारियों को 6 मई 2026 तक हर हाल में नोटिस का तामिला कराने का अल्टीमेटम दिया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि तामिला के बाद उसकी रिपोर्ट तुरंत जिला विधिक सेवा प्राधिकार भागलपुर या संबंधित न्यायालय में जमा कराई जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में प्रभारी सचिव राजेश रंजन ने बताया कि पूरी प्रक्रिया की निगरानी स्वयं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा की जा रही है। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नोटिस का समय पर तामिला उनकी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि अधिक से अधिक पक्षकार लोक अदालत में उपस्थित होकर आपसी सहमति से अपने मामलों का निपटारा कर सकें।
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य लंबित मामलों का त्वरित निपटारा कर न्यायिक व्यवस्था पर बोझ कम करना और आम लोगों को सुलभ न्याय उपलब्ध कराना है। समय पर नोटिस मिलने से इस बार रिकॉर्ड संख्या में मामलों के निपटारे की उम्मीद जताई जा रही है।
बैठक में पुलिस प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी, क्योंकि यह सीधे तौर पर आम जनता को मिलने वाले न्याय से जुड़ा मामला है।














