


भागलपुर: जिले के सजौर थाना क्षेत्र अंतर्गत मनियारपुर गांव में सांप के काटने से एक 12 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान रतन कुमार सिंह के पुत्र आयुष कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आयुष मानसिक रूप से अस्वस्थ था।
जानकारी के अनुसार, आयुष घर के पास खेल रहा था, तभी अचानक सांप ने उसे काट लिया। कुछ ही देर में उसके पैर से खून निकलने लगा। दादा की नजर पड़ने पर परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद पिता उसे तुरंत मोटरसाइकिल से मायागंज अस्पताल लेकर पहुंचे।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में समय पर समुचित इलाज नहीं मिला। उनका कहना है कि न तो सही तरीके से उपचार किया गया, न ही जरूरी इंजेक्शन दिया गया और न ही एंबुलेंस की व्यवस्था की गई, जिसके कारण बच्चे की मौत हो गई। अस्पताल में पिता अपने बेटे को गोद में लेकर इधर-उधर भटकते नजर आए, जिससे वहां का माहौल गमगीन हो गया।
मृतक आयुष चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसके पिता राजमिस्त्री का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
















