


भागलपुर: जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोसाईंदासपुर गांव के वार्ड संख्या-5 स्थित यादव टोला में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और करीब आधा दर्जन घर इसकी चपेट में आ गए। इस घटना में घरों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए घरों में फंसे लोगों और छोटे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और नाथनगर थाना को जानकारी दी। इसके बाद दमकल की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
पीड़ित रामजी यादव ने बताया कि आग में उनका पूरा घर जल गया, जिसमें नकद रुपये, अनाज, कपड़े, फर्नीचर और जेवर सहित सभी सामान नष्ट हो गए। वहीं मिथुन यादव, राकेश यादव, छोटू यादव, उमेश यादव और पंकज यादव के घर भी पूरी तरह प्रभावित हुए हैं।
नाथनगर इंस्पेक्टर राजीव रंजन सिंह ने बताया कि दमकल टीम की तत्परता से आग पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया। सभी पीड़ित परिवारों को अंचलाधिकारी के पास आवेदन देने का निर्देश दिया गया है, ताकि उन्हें सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
















