0
(0)



अररिया टोल प्लाजा पर हुई बहस, CCTV जांच और कार्रवाई की मांग

अररिया : प्रसिद्ध साहित्यकार फणीश्वरनाथ रेणु के छोटे पुत्र एवं सामाजिक कार्यकर्ता दक्षिणेश्वर प्रसाद राय उर्फ ‘पप्पू’ ने अररिया टोल प्लाजा पर अपने परिवार के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया है। घटना रविवार सुबह की बताई जा रही है, जब रेणु परिवार निजी वाहन से पूर्णिया जा रहा था।



दक्षिणेश्वर प्रसाद राय ने बताया कि अररिया टोल प्लाजा पर स्थानीय नंबर की उनकी गाड़ी को रोका गया। इस दौरान उनके मंझले भाई अपराजित राय उर्फ ‘अप्पू’ ने टोल कर्मी को बताया कि वाहन में पूर्व विधायक पद्मपराग राय वेणु का परिवार सवार है और उनसे बात कराने का अनुरोध किया।

आरोप है कि इस बात पर टोल कर्मी भड़क गया और कथित तौर पर कहा कि “हम किसी विधायक से बात नहीं करेंगे।” साथ ही कैमरा जूम कर वीडियो वायरल करने और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को फोन लगाने जैसी बातें कही गईं।


पप्पू ने आरोप लगाया कि टोल कर्मी लगातार बहस करता रहा, जिससे परिवार के सदस्यों को मानसिक परेशानी हुई। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी एवं महान साहित्यकार फणीश्वरनाथ रेणु के परिवार के साथ इस तरह का व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय नंबर वाली गाड़ियों से अवैध रूप से टोल वसूली की जा रही है। पप्पू ने कहा कि इस मामले की जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।


मामले की जानकारी पूर्व विधायक पद्मपराग राय वेणु द्वारा अररिया जिलाधिकारी विनोद दूहन को दी गई। जिलाधिकारी ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।

दक्षिणेश्वर प्रसाद राय ने दोषी कर्मियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि सुबह 10:10 बजे से 10:15 बजे के बीच के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए। वहीं टोल प्लाजा प्रबंधन ने लगाए गए आरोपों को गलत बताया है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: