



भागलपुर के ऐतिहासिक सैनडिस्क कंपाउंड मैदान में पिछले कुछ महीनों से स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत एंट्री शुल्क वसूला जा रहा है। इसके कारण रोजाना सुबह और शाम टहलने आने वाले लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

सुबह सैर के लिए पहुंची महिलाओं ने बताया कि मैदान में मूलभूत सुविधाओं का गंभीर अभाव है। न पीने के पानी की व्यवस्था है, न साफ–सफाई, और न ही बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था। ऐसे में प्रवेश शुल्क लेना उचित नहीं है।
वहीं बुजुर्गों ने इसे नगर निगम का तुगलकी फरमान बताते हुए कहा कि जब परिसर में कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है, तो शुल्क वसूली का कोई औचित्य नहीं बनता।

स्मार्ट सिटी प्रबंधन के अनुसार कंपाउंड में सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक एंट्री शुल्क लिया जाता है। ठंड के मौसम में देर से घर से निकलने वाले टहलने वालों का कहना है कि इस समयावधि को बढ़ाया जाना चाहिए, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो।
स्थानीय लोगों ने स्मार्ट सिटी प्रबंधन और नगर निगम से मांग की है कि या तो सैनडिस्क कंपाउंड में बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए या फिर शुल्क वसूली के निर्णय पर पुनर्विचार किया जाए।














