


पूर्णिया : बिहार में आयोजित मुख्यमंत्री एवं मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर कांग्रेस नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राज्य सरकार के समक्ष कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए हैं। कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष बिजेंद्र यादव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि मंत्रिमंडल के सभी मंत्रियों को शपथ ग्रहण के पश्चात बिहार के सर्वांगीण विकास, युवाओं को रोजगार, किसानों की समृद्धि तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में कार्य करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का फोटो नहीं लगाए जाने को लेकर भी चर्चा रही। कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार के पिछले पंद्रह वर्षों के कार्यकाल पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि लंबे समय से बिहार की विकास डायरी प्रकाशित नहीं हो सकी, जो चिंता का विषय है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद बिहार आज भी बेरोजगारी, पलायन, बदहाल शिक्षा व्यवस्था, जर्जर स्वास्थ्य सेवाओं और कमजोर कानून-व्यवस्था जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि विकास के बड़े-बड़े दावे किए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर आम जनता की समस्याएं अब भी बरकरार हैं।

प्रेस बयान में कहा गया कि बिहार की जनता अब केवल घोषणाओं से संतुष्ट नहीं होगी, बल्कि वास्तविक विकास चाहती है। किसानों को फसलों का उचित मूल्य, युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सुरक्षा तथा गरीबों को सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
कांग्रेस पार्टी ने स्पष्ट किया कि बिहार के विकास के लिए पारदर्शी नीतियां, ईमानदार प्रशासन और जनहितकारी सोच आवश्यक है। पार्टी ने कहा कि वह आगे भी जनता की आवाज बनकर उनके अधिकारों और मुद्दों के लिए संघर्ष करती रहेगी।















