5
(1)



नवगछिया के गोपालपुर  क्षेत्र में रविवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद दूसरे दिन भी मातमी सन्नाटा पसरा रहा। मृतक छात्र के घर में चीख-पुकार और गम का माहौल बना हुआ है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 6 बजे गोपालपुर–सुकटिया सैदपुर सड़क स्थित महंत बाबा चौक के पास एक अनियंत्रित टोटो ने साइकिल सवार दो छात्रों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में साइकिल सवार छात्र अंकित कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र का इलाज भागलपुर के मायागंज अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।

सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद गोपालपुर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने बताया कि मृतक अंकित के पिता दिलीप मंडल और बड़ा भाई दिल्ली में मजदूरी करते हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद उनके घर पहुंचने में समय लग रहा है, जिसके कारण अंतिम संस्कार मंगलवार को किया जाएगा।

घटना के बाद मृतक की मां बबीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों और ग्रामीणों के आंसुओं से माहौल गमगीन हो गया है। आसपास के लोग लगातार परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।

इधर, भाजपा के वरिष्ठ नेता नितेंद्र सिंह उर्फ गुलाब सिंह ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही कहा कि तीन पहिया वाहनों की नियमित जांच और सख्त निगरानी जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में यातायात नियमों की अनदेखी और लापरवाही के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा के ठोस उपाय लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: