


भागलपुर के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक राजमिस्त्री की मौत हो गई। घटना नाव घाट इलाके की बताई जा रही है, जहां काम पर जा रहे राजमिस्त्री को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान भतोरिया निवासी मनोहर यादव (56) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह दरियापुर की ओर से पैदल अपने घर लौट रहे थे, तभी पीछे से तेज गति में आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें पहले एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद बाइक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बाइक को कब्जे में लेकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना में शामिल बाइक मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के ही तौसीफ खान के नाम पर दर्ज है।
मनोहर यादव अपने पीछे एक पुत्र और छह पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। पत्नी अनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के भतीजे राजेश कुमार यादव ने बताया कि वह मजदूरी के लिए जा रहे थे, तभी पीछे से आए बाइक सवार ने टक्कर मार दी, जिसके बाद उनकी हालत गंभीर हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार बाइक चालक की तलाश जारी है।
















