


तिनटंगा करारी घाट से जलमार्ग संचालन की तैयारी तेज, व्यापारियों को मिलेगी राहत
नवगछिया : विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद भागलपुर, नवगछिया एवं सीमांचल के कई जिलों के बीच सड़क संपर्क प्रभावित हो गया है। ऐसे में प्रशासन अब वैकल्पिक जलमार्ग व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर शार्क शिपिंग कंपनी द्वारा तिनटंगा करारी घाट से कहलगांव गंगा घाट तक चार बड़े मालवाहक जहाजों के संचालन की तैयारी शुरू कर दी गई है।

मिली जानकारी के अनुसार कंपनी के चारों मालवाहक जहाज झारखंड के साहेबगंज पहुंच चुके हैं और जल्द ही इनके संचालन शुरू होने की संभावना है। नवगछिया के तिनटंगा करारी गंगा घाट पर जहाज संचालन को लेकर रोडमैप लगभग तैयार कर लिया गया है।
प्रशासन का मानना है कि विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने से प्रभावित माल परिवहन व्यवस्था को इससे बड़ी राहत मिलेगी। खासकर भागलपुर, नवगछिया एवं सीमांचल क्षेत्र के व्यापारियों को माल ढुलाई और आवागमन में काफी सुविधा होगी।
बताया जा रहा है कि जलमार्ग से बालू, गिट्टी, निर्माण सामग्री एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की ढुलाई की जाएगी, जिससे सड़क मार्ग पर दबाव भी कम होगा।

इससे पहले कोलकाता स्थित शार्क शिपिंग कंपनी के निदेशक मोहम्मद अरशद रजा एवं तनवीर हसन ने नवगछिया प्रशासनिक अधिकारियों के साथ तिनटंगा करारी घाट का भौतिक सत्यापन किया था। निरीक्षण के दौरान घाट, सड़क संपर्क एवं जहाज परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया था।
सूत्रों के अनुसार मंगलवार से तिनटंगा करारी गंगा घाट पर जहाज संचालन को लेकर प्रारंभिक तैयारियां शुरू होने की संभावना है। प्रशासन एवं शिपिंग कंपनी संयुक्त रूप से व्यवस्था को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों और व्यापारियों को उम्मीद है कि जलमार्ग संचालन शुरू होने से विक्रमशिला सेतु बंद होने के कारण उत्पन्न परिवहन संकट से काफी हद तक राहत मिलेगी।
















