
तेतरी गांव की घटना, युवक ने पत्नी समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर लगाया आरोप; पुलिस से कार्रवाई की मांग
नवगछिया। आदर्श थाना नवगछिया क्षेत्र के तेतरी गांव में ससुराल पहुंचे एक युवक और उसकी मां के साथ मारपीट कर घायल करने का मामला सामने आया है। घटना 12 नवंबर की सुबह करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। मामले को लेकर मधेपुरा जिले के रतवारा थाना क्षेत्र के खापुर निवासी साजन कुमार ने नवगछिया थाना में आवेदन देकर अपने ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।

आवेदन के अनुसार, साजन कुमार को उनकी पत्नी और ससुराल वालों ने पत्नी की तबीयत खराब होने की बात कहकर तेतरी बुलाया था। इसके बाद वह अपनी मां पूनम देवी के साथ ससुराल पहुंचे। आरोप है कि वहां पहुंचते ही उनके ससुर दिलीप मंडल और पत्नी खुशबू देवी गाली-गलौज करने लगे।
साजन कुमार का आरोप है कि इसके बाद दिलीप मंडल, उनके पुत्र दिव्यांशु कुमार, पत्नी खुशबू देवी, बहन रिंकू देवी और सास विमला देवी ने उनके और उनकी मां के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप के मुताबिक, सभी ने लाठी, लोहे की रॉड और लात-घूंसे से हमला किया। इस दौरान उनके सिर पर लाठी से वार किया गया, जिससे उनका सिर फट गया। मारपीट में मां-बेटे दोनों घायल हो गए।
घटना के बाद दोनों घायलों का इलाज अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में कराया गया। पीड़ित साजन कुमार ने नवगछिया पुलिस को आवेदन देकर मामले की जांच कर आरोपितों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच और दूसरे पक्ष का बयान सामने आना बाकी है।
















