
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। नवरात्र के पावन अवसर पर जिले के कहलगांव प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय रामराय बाग खुटहरी में बुधवार को भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मां दुर्गा के नौ रूपों को धारण कर आकर्षक अभिनय प्रस्तुत किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुति से विद्यालय परिसर भक्तिमय हो उठा। विद्यार्थियों ने अपनी वेशभूषा, भाव-भंगिमा, संवाद और अभिनय कौशल से उपस्थित शिक्षकों एवं सहपाठियों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का सजीव चित्रण और सामाजिक कुरीतियों के वध का रोमांचक मंचन रहा। विद्यार्थियों ने पौराणिक प्रसंगों को अपने अभिनय के माध्यम से जीवंत कर दिया। मां दुर्गा के विभिन्न रूपों में सजी छात्राओं ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से नारी शक्ति, साहस और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का संदेश दिया। मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों में सजी छात्राओं ने पूरे आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ अपनी भूमिका निभाई। उनकी वेशभूषा और भाव-भंगिमाओं ने पौराणिक दृश्यों को सजीव बना दिया। सामाजिक कुरीतियों के वध का दृश्य कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।विद्यालय के प्रधान शिक्षक सर्वोत्तम कुमार शर्मा ने बताया कि नवरात्र के अवसर पर छात्र-छात्राओं ने मां दुर्गा के नौ रूपों का अभिनय कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुति सराहनीय रही। इस अवसर पर वरीय शिक्षक रतन कुमार, कल्पना कुमारी, मधुप्रिया कुमारी, उज्ज्वाला कुमारी, गीता कुमारी सहित विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
















