


भागलपुर में निगरानी विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) कार्यालय में छापेमारी की। इस दौरान 70 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए लिपिक मयंक कुमार और स्टेनो प्रेम कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाथनगर आपूर्ति कार्यालय में कार्यरत अभिजीत कुमार से सेवा संपुष्टि के नाम पर 70 हजार रुपये की मांग की गई थी। मामले की शिकायत मिलने के बाद पटना से निगरानी विभाग की टीम डीएसपी विद्यांचल प्रसाद के नेतृत्व में भागलपुर पहुंची और योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।
कार्रवाई के दौरान स्टेनो प्रेम कुमार ने रिश्वत की राशि लिपिक मयंक कुमार को देने को कहा। जैसे ही शिकायतकर्ता ने पैसे सौंपे, निगरानी टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही धर दबोचा।
इसके बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पटना ले जाया गया है। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
निगरानी विभाग की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।













