


पूर्णिया : सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत “सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)” कार्यक्रम के अंतर्गत प्रभारी जिला पदाधिकारी-सह-उप विकास आयुक्त अंजनि कुमार ने सोमवार को समाहरणालय स्थित प्रज्ञान सभागार में आमजनों की समस्याएं सुनीं।

कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित कुल 13 आवेदन जिला प्रशासन को सौंपे। प्राप्त आवेदन विभिन्न विभागों से जुड़े थे। प्रभारी जिलाधिकारी ने सभी आवेदनों का गंभीरता से अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और शिकायतों के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कार्यक्रम के तहत अनुमंडल, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर भी संबंधित अधिकारियों द्वारा कार्यालयों में उपस्थित होकर लोगों की समस्याएं सुनी गईं तथा समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए गए।
जिला प्रशासन ने बताया कि “सेवा-संवाद-समाधान” कार्यक्रम प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को जिला मुख्यालय, अनुमंडल, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है, ताकि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

जिला प्रशासन ने किसी भी प्रकार की सहायता अथवा सूचना के लिए आपदा प्रबंधन कार्यालय के जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06454-242319, 242317 एवं 242320 जारी किए हैं।
















