


प्रभारी डीएम ने संबंधित अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
पूर्णिया । समाहरणालय पूर्णिया में शुक्रवार को सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत आयोजित “सबका सम्मान-जीवन आसान ( Ease of Living)” कार्यक्रम में आमजनों की समस्याएं सुनी गईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी जिला पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त श्री अंजनि कुमार ने की। इस दौरान उन्होंने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जनसम्पर्क कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए लोगों द्वारा कुल 14 आवेदन प्रस्तुत किए गए। ये आवेदन विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं को लेकर दिए गए थे। प्रभारी जिलाधिकारी ने सभी आवेदनों का गहन अवलोकन कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान लोगों ने भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, राशन, पेयजल, बिजली, आवास, पेंशन सहित अन्य जनसमस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा। अधिकारियों ने कई मामलों में मौके पर ही समाधान की प्रक्रिया शुरू कर दी, जबकि अन्य मामलों में शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

इसके अलावा सेवा-संवाद-समाधान कार्यक्रम के तहत अनुमंडल, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर भी संबंधित पदाधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित रहे। वहां पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए गए। जिला प्रशासन का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य आमजनों को उनकी समस्याओं के त्वरित निपटारे के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है।
प्रशासन ने बताया कि यह कार्यक्रम प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को जिला मुख्यालय, अनुमंडल, प्रखंड तथा पंचायत स्तर पर नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सके।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की सहायता अथवा सूचना के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06454-242319, 242317 एवं 242320 पर संपर्क करें। प्रशासन द्वारा प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
















